देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। शुक्रवार को सचिवालय देहरादून में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इन घोषणाओं से आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को गति मिलने के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से प्रदेशभर में लोगों को आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार रह सकें।
मुख्यमंत्री की एक महत्वपूर्ण घोषणा के अनुसार अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के निर्धारित मानकों के अनुरूप राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान बिना किसी स्वार्थ के राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका तथा उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और प्रदेश को समय-समय पर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए आपदा आने से पहले तैयारी, आमजन को जागरूक करने और राहत-बचाव तंत्र को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान सबसे जरूरी है कि सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और एजेंसियां तत्काल सक्रिय हों तथा प्रभावित लोगों तक समय रहते सहायता पहुंचे।
सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। यह अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने मिलकर लगातार प्रयास किए। लगभग 17 दिनों तक चले अभियान के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने इसे साहस, धैर्य, तकनीकी दक्षता और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने भूकंप की दृष्टि से उत्तराखंड की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा लोगों को भूकंप से बचाव के तरीकों की जानकारी देने पर भी जोर दिया।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित कार्रवाई और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, स्थानीय लोगों की भागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल को आपदा प्रबंधन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में चल रहे आपदा प्रबंधन कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में 133 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं, जिनमें 2250 सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहे। प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
सरकार की इन चार घोषणाओं को प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को जनभागीदारी से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

More Stories
झबरेड़ा कोतवाली की कमान संभालते ही इंस्पेक्टर कुंदन राम आर्य का अपराध पर अंकुश लगाने का संकल्प, कानून व्यवस्था को लेकर दिखाई सख्ती
देर रात एसएसपी हरिद्वार ने 13,इंस्पेक्टर,81,सब इंस्पेक्टर के किए ट्रांसफर
संविधान दिवस पर नारसन ब्लॉक में दिलाई गई शपथ, खण्ड विकास अधिकारी पवन सैनी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाया संविधान पालन का संकल्प