Tahelka news

www.tahelkanews.com

तेज रफ्तार बाइक ने ली युवक की जान, 22 लाख की Kawasaki Ninja बनी आखिरी सवारी देहरादून से गांव लौटते समय दर्दनाक सड़क हादसा, मौके पर ही मौत

Spread the love

लियाकत कुरैशी 
देहरादून/रुड़की, देहरादून से अपने गांव भरापुर लौट रहे एक युवक की तेज रफ्तार बाइक सड़क हादसे में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक आशु की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशु अपनी नई Kawasaki Ninja सुपरबाइक से देहरादून से गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि हाईवे पर बाइक की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी। तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और भीषण हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशु ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
तीन दिन पहले ही खरीदी थी 22 लाख की बाइक
बताया जा रहा है कि आशु को तेज रफ्तार बाइक और राइडिंग का काफी शौक था। उन्होंने हादसे से महज तीन दिन पहले करीब 22 लाख रुपये कीमत की Kawasaki Ninja खरीदी थी। नई बाइक को लेकर वह काफी उत्साहित थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यही बाइक उनकी जिंदगी की आखिरी सवारी बन जाएगी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज गति से वाहन चलाने के खतरों को सामने ला दिया है।

About The Author