ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था अनुज, दीपावली पर खरीदी नई इलेक्ट्रिक स्कूटी भी हादसे में हुई क्षतिग्रस्त
रुड़की/धनोरी। धनोरी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान अनुज पुत्र शिवराम, निवासी दौलतपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनुज ट्यूशन पढ़कर अपनी स्कूटी से घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान धनोरी के आसपास एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया।
मेहनत से संवार रहा था अपना भविष्य, हादसे ने छीन ली जिंदगी
बताया जाता है कि अनुज बेहद मेहनती और संघर्षशील युवक था। वह खुद बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई का खर्च उठाता था और मेहनत के दम पर अपने भविष्य को संवारने में जुटा था। हाल ही में दीपावली के अवसर पर उसने अपने लिए नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी, लेकिन किसे पता था कि जिस स्कूटी से वह अपने सपनों की राह पर आगे बढ़ रहा था, वही एक दर्दनाक हादसे का हिस्सा बन जाएगी।
अनुज की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

More Stories
उत्तराखंड स्थापना दिवस पर क्रॉस कंट्री दौड़ में पहुंचे महक सिंह, युवाओं का बढ़ाया उत्साह
झबरेड़ा में महक सिंह की दस्तक से चुनावी सरगर्मियां तेज, भिस्तीपुर में घर-घर पहुंच; ग्रामीणों से की सीधी बातचीत
झबरेड़ा विधानसभा में भाजपा टिकट की दावेदारी तेज, अमीलाल वाल्मीकि भी दौड़ में शामिल; आधा दर्जन से अधिक दावेदार मैदान में!