गन्ना तौल केंद्रों पर बैलों और ट्रॉलियों की पूजा कर शुरू हुई पेराई सत्र की प्रक्रिया, किसानों को समय पर भुगतान और सुचारु गन्ना आपूर्ति का मिला आश्वासन
मंगलौर (रुड़की)। उत्तम शुगर मिल लिमिटेड, लिब्बरहेड़ी में रविवार, 1 नवंबर 2026 को पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ हवन-पूजन एवं मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। इस अवसर पर मिल अधिकारियों, किसान प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके बाद विभिन्न गन्ना तौल केंद्रों पर बैलों और ट्रॉलियों की पूजा-अर्चना कर गन्ना तौल एवं पेराई सत्र की शुरुआत की गई।
गन्ना विकास समिति लिंबरहेडी, चेयरमैन प्रतिनिधि सुशील राठी…
इस अवसर पर गन्ना विकास समिति लिंबरहेडी चेयरमैन प्रतिनिधि सुशील राठी ने गन्ना मील अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि यदि घटतोली हुई तो किसी की खैर नहीं। इस मौके पर मिल अधिकारियों ने चेयरमैन प्रतिनिधि सुशील राठी को आश्वासन दिया कि किसानों का भरपूर सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्वान पंडित आचार्य रामकुमार दीक्षित ने विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया इसके बाद चेयरमैन प्रतिनिधि सुशील राठी की उपस्थिति में लिब्बरहेड़ी गन्ना समिति के तौल केंद्र संख्या-1 पर किसान टिंकू कुमार पुत्र राजीव कुमार, निवासी हरजौली जट की बैलगाड़ी के बैलों की पूजा कर फीता काटा गया और गन्ना तौल कार्य का शुभारंभ किया गया।
इसी क्रम में ट्रॉली कांटे पर किसान आयोग के अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह और गन्ना राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने किसान राजकुमार पुत्र धर्मवीर सिंह, निवासी नारसन कलां की ट्रॉली के तौल कार्य का शुभारंभ किया। वहीं, इकबालपुर गन्ना समिति के चेयरमैन सुंदर सैनी ने ट्रक कांटे पर फीता काटकर गन्ना तौल कार्य शुरू कराया।
इसके बाद चीनी मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल, अधिशासी निदेशक एस.एल. शर्मा और मुख्य कार्यालय नोएडा से पहुंचे कपिल बंसल ने किसान प्रतिनिधियों एवं मिल अधिकारियों के साथ चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ किया।
किसानों के लिए लंगर का आयोजन, समय पर भुगतान का आश्वासन
पेराई सत्र के शुभारंभ के बाद चीनी मिल क्षेत्र के किसान भाइयों, गन्ना विभाग के अधिकारियों तथा मिल कर्मचारियों के लिए लंगर का आयोजन किया गया। इस दौरान मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल ने क्षेत्र के किसानों को नए पेराई सत्र की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि मिल प्रबंधन की ओर से गन्ने की आपूर्ति सुचारु रूप से संचालित करने का प्रयास किया जाएगा और किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना समस्त गन्ना अपनी ही चीनी मिल को आपूर्ति करें, ताकि पेराई सत्र व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।
इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रणव चैंपियन, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कविंद्र सिंह, चौधरी अनुराग सिंह, लक्सर गन्ना समिति के चेयरमैन एवं लिब्बरहेड़ी गन्ना समिति संचालन मंडल के सदस्य विनोद कुमार, अनुराग राठी, मोहित कुमार, राजवीर सिंह, पवन सैनी, सुनील कुमार, कुलदीप कुमार, किसान राजीव कुमार, बसवाखेड़ी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख, सतवीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सेठपाल सिंह, आदित्य कुमार, नरेशपाल, वीरेंद्र सिंह, विपिन मोहम्मदपुर, राजेंद्र सिंह गदरजुड़ा और बाबूराम थिथकी सहित अनेक किसान प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पेराई सत्र के शुभारंभ से क्षेत्र के गन्ना किसानों को नई उम्मीद मिली है। अब किसानों की निगाहें मिल के सुचारु संचालन, समय पर गन्ना उठान और भुगतान व्यवस्था पर रहेंगी।

More Stories
श्मशान घाट को भी नहीं बख्शा, निर्माण में भी कथित खेल! तस्वीरों ने खोली गुणवत्ता की पोल,, बाहर प्लास्टर, अंदर ईंटों के टुकड़े? माजरा में श्मशान घाट के द्वार पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर राष्ट्रहित में कार्य करें: वक्ता..जयंती पर सरदार पटेल विचार मंच ने प्रतिमा स्थल पर आयोजित किया कार्यक्रम, वक्ताओं ने पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
गुरुकुल नारसन में भाजपा की बैठक, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र