झबरेड़ा :-शादी के दो साल बाद भी संतान नहीं होने से नाराज ससुराल वालों ने महिला को पीट डाला। सूचना पर पहुंचे उसके पिता और भाई से भी मारपीट की। बाद में पुलिस ने तीनों का मेडिकल कराया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दामाद सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बिंडू खड़क गांव के व्यक्ति ने दो साल पहले अपनी बेटी की शादी लक्सर के लोक निर्माण विभाग कार्यालय परिसर में बने आवास में रह रहे अनिल से की थी। शादी के एक साल बाद भी कोई संतान पैदा नहीं होने से ससुराल वाले नाराज थे और महिला को प्रताड़ित कर रहे थे। एक साल और गुजर गया लेकिन उसकी संतान नहीं हुई। इसी बात को लेकर 13 सितंबर को पति व अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। महिला ने फोन से मायके वालों को सूचना दी। इस पर उसके पिता और भाई अनिल के आवास पर पहुंचे और उसे समझाने लगे।
आरोप है कि अनिल, उसके पिता नरेश, शेखपुरी गांव निवासी सतकुमार और दो अज्ञात लोगों ने उनके साथ भी जमकर मारपीट की। आसपास के कर्मचारियों ने उन्हें छुड़ाया। बाद में महिला अपने पिता और भाई को साथ लेकर कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने तीनों को मेडिकल कराने सरकारी अस्पताल भेज दिया। मेडिकल के बाद महिला के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
खबर का असर: तहलका न्यूज की खबर के बाद हरकत में आए अधिकारी, माजरा में श्मशान घाट का द्वार तुड़वाया
उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी में पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ, किसानों के साथ मिल अधिकारियों ने किया हवन-पूजन,,गन्ना घटतौली हुई तो किसी की खैर नहीं.. सुशील राठी
श्मशान घाट को भी नहीं बख्शा, निर्माण में भी कथित खेल! तस्वीरों ने खोली गुणवत्ता की पोल,, बाहर प्लास्टर, अंदर ईंटों के टुकड़े? माजरा में श्मशान घाट के द्वार पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल