लियाकत,,
भगवानपुर, 15 जुलाई 2026। भारत विकास परिषद मां चूड़ामणि शाखा, भगवानपुर द्वारा बुधवार को बी.डी. इंटर कॉलेज, भगवानपुर में संस्कार गतिविधि के अंतर्गत देशभक्ति एकल गायन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक मूल्यों एवं नैतिक संस्कारों का विकास करना था। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में परिषद के महासचिव संजय गर्ग ने कहा कि संस्कार केवल एक शब्द नहीं, बल्कि जीवन को श्रेष्ठ बनाने वाले विचार, आचरण, सद्व्यवहार, मूल्य और आदर्श हैं, जो मनुष्य के व्यक्तित्व का निर्माण एवं परिष्कार करते हैं तथा उसे समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी बनाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा हमें जीविका कमाना सिखाती है, जबकि संस्कार हमें जीवन जीने की कला सिखाते हैं। इसलिए शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश व्यक्ति के जीवन को वास्तव में सफल, सार्थक और प्रेरणादायी बनाता है।
शाखा के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कार व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी हैं। यही संस्कार उसे परिवार का आदर्श सदस्य, समाज का प्रेरणास्रोत तथा राष्ट्र का सच्चा नागरिक बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रभक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
परिषद के मीडिया प्रभारी संजय पाल ने कहा कि सेवा कार्य अनेक संस्थाएं करती हैं, लेकिन भारत विकास परिषद की विशेषता यह है कि वह सेवा के साथ-साथ संस्कारों के संवर्धन को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। परिषद भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उसे पुष्पित-पल्लवित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
देशभक्ति एकल गायन प्रतियोगिता का मूल्यांकन श्रीमती शालिनी मनी, श्रीमती आरती त्यागी एवं श्रीमती चारु ने निर्णायक के रूप में किया। प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए, जिनमें कु. इल्मा ने प्रथम, कु. सना ने द्वितीय तथा कु. मंतशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को परिषद की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी रही। इस अवसर पर आम, अमरूद, नींबू तथा पपीता सहित 40 से अधिक फलदार पौधों का वृक्षारोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अमरीश चौहान, धनंजय चौहान, निखिल अग्रवाल, सुधीर सैनी, ओम सिंह, अनूप घनशाला, नेत्रपाल, सैयद त्यागी, विजय त्यागी, रजत बहुखंडी, श्रीमती ललिता, श्रीमती पारुल शर्मा, श्रीमती अर्चना पाल, हर्षित शर्मा, बृजमोहन, रोहित कुमार, अशोक कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सरल, सहज, सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन श्रीमती कल्पना सैनी ने किया। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

More Stories
हरेला पर्व के शुभ अवसर पर ग्राम प्रधान चौधरी कुलबीर सिंह ने लगाए घर आंगन में हरे-भरे पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हरेला पर्व पर स्काई मैप कंपनी का हरित संदेश, अधिकारियों ने लगाए दर्जनों पौधे
देहरादून में राहुल गांधी की जनसभा को सफल बनाने के लिए झबरेड़ा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, पेपर लीक से बर्बाद हो रहा युवाओं का भविष्य, भाजपा दे जवाब,, डॉ. गौरव चौधरी