रुड़की।जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी एवं नियमों के विपरीत खाद्य पदार्थों के निर्माण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की के मतलबपुर स्थित ‘मां भगवती फूड्स’ नामक सॉस निर्माण इकाई पर छापेमारी की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में बिना लेबल की 351 वेजिटेबल सॉस की बोतलों को मौके पर सीज किया गया, जबकि लगभग 8 क्विंटल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये बताई गई है, को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि जनपद में लगातार मिल रही शिकायतों और बाजार में बिना लेबल की सॉस की बिक्री की सूचनाओं के आधार पर 29 जुलाई 2026 को उपयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार की टीम ने उक्त फैक्ट्री पर छापा मारा।
निरीक्षण में मिली गंभीर अनियमिताएं
जांच के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री में तैयार की जा रही सॉस की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर तथा सामग्री (इंग्रीडिएंट्स) की जानकारी अंकित नहीं थी। इसके अलावा सॉस का निर्माण अत्यंत गंदे और अस्वास्थ्यकर वातावरण में किया जा रहा था। निर्माण मशीनों, दीवारों और फर्श पर भारी गंदगी पाई गई।
दो नमूने जांच के लिए भेजे गए
टीम ने मौके से तैयार वेजिटेबल सॉस के दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए हैं। निरीक्षण के दौरान संचालक पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र तथा पैकिंग में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
निर्माण और बिक्री पर लगाई रोक
लेबलिंग नियमों के उल्लंघन, अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य निर्माण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने के कारण फैक्ट्री में मौजूद करीब 8 क्विंटल सॉस को मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही सॉस सहित अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई है। विभाग द्वारा नोटिस फैक्ट्री के गेट पर भी चस्पा कर दिया गया है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण और वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

More Stories
भारी बारिश से थमी सहकारिता की रफ्तार, नन्हेड़ा समिति की बोर्ड बैठक स्थगित
पूर्व राज्य मंत्री डॉ. गौरव चौधरी ने अपनों संग बैठकर दिया भाईचारे का संदेश
कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पंचायत भगवानपुर पूरी तरह तैयार, श्रद्धालुओं की सेवा में नहीं होगी कोई कमी: गुलबहार