झबरेड़ा। इकबालपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम खाताखेड़ी निवासी फिरोज के लापता होने का मामला दो वर्ष बाद भी रहस्य बना हुआ है। अप्रैल 2024 में परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर सऊदी अरब गए फिरोज का आज तक कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों के अनुसार, विदेश जाने के कुछ समय बाद ही उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया और तब से न तो कोई फोन आया, न कोई संदेश और न ही उसकी कोई विश्वसनीय जानकारी मिल सकी।
बेटे के इंतजार में मां की आंखें आज भी दरवाजे पर टिकी रहती हैं। हर दस्तक पर उन्हें उम्मीद होती है कि शायद उनका फिरोज लौट आया हो। परिवार ने रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य माध्यमों से लगातार तलाश की, लेकिन सभी प्रयास अब तक बेनतीजा रहे हैं। गांव के लोगों में भी इस घटना को लेकर चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
9411112834 मिले तो संपर्क करे
मामले की गंभीरता को देखते हुए झबरेड़ा पुलिस लगातार जांच में जुटी है। पुलिस ने हाल ही में मुकदमा दर्ज कर कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की है। जांच के दौरान दूसरे प्रदेश से आई एक अज्ञात युवती ने भी फिरोज के संबंध में पुलिस के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए, जिसके बाद जांच को नई दिशा मिली। हालांकि अभी तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लग सकी है।
कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही मामले से पर्दा उठाया जाएगा।
दो वर्षों से अपने बेटे की राह देख रही मां की उम्मीद आज भी कायम है। पूरा परिवार और गांव यही दुआ कर रहा है कि फिरोज सकुशल अपने घर लौटे और इस लंबे इंतजार का अंत हो।

More Stories
कांवड़ मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 63 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, एक्सपायरी उत्पाद नष्ट, कई कारोबारियों को नोटिस*
किसान मजदूर संगठन ने उठाई किसानों और युवाओं की आवाज, विधायक से विधानसभा में मुद्दे उठाने की मांग
जमीन विवाद ने पकड़ा तूल: अवैध निर्माण, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप, प्रशासन से कार्रवाई की मांग