रुड़की/हरिद्वार, 31 जुलाई।
किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) ने झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति को ज्ञापन सौंपकर किसानों एवं स्थानीय युवाओं के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि 5 जून 2026 को राज्य सरकार को दिए गए ज्ञापन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे किसानों और युवाओं में निराशा है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी एडवोकेट ने बताया कि उत्तराखंड जल और जलविद्युत उत्पादन में अग्रणी राज्य होने के बावजूद यहां के किसान सिंचाई के लिए महंगी बिजली और पानी के शुल्क का बोझ उठा रहे हैं। संगठन ने मांग की है कि प्रदेश के सभी किसानों को सिंचाई हेतु निशुल्क बिजली और पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि कृषि लागत कम हो और किसानों को राहत मिल सके।

इसके अलावा संगठन ने राज्य में स्थापित सरकारी, अर्ध-सरकारी एवं निजी उद्योगों में उत्तराखंड के स्थानीय युवाओं को न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार देने की अनिवार्य व्यवस्था लागू करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बाहरी श्रमिक कार्यरत हैं, जबकि स्थानीय शिक्षित युवा बेरोजगारी और पलायन की समस्या से जूझ रहे हैं।
संगठन ने यह भी मांग रखी है कि उद्योगों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं एवं भूमि आवंटन को स्थानीय रोजगार की शर्त से जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो किसानों, मजदूरों और युवाओं के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को तेज किया जाएगा।
संगठन ने विधायक से अनुरोध किया है कि इन जनहित से जुड़े मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में मजबूती से उठाकर सरकार से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।

More Stories
जमीन विवाद ने पकड़ा तूल: अवैध निर्माण, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती, भगवानपुर के चुड़ियाला में भव्य कलश बंधन महारैली, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का किया शुभारंभ
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना लेबल की 351 सॉस बोतलें सीज, 8 क्विंटल सॉस मौके पर नष्ट