Tahelka news

www.tahelkanews.com

काशीपुर में विकास कार्यों की समीक्षा, शरदकालीन गन्ना बुवाई को लेकर दिए निर्देश

Spread the love

काशीपुर। एससीडीआई कार्यालय काशीपुर में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एससीडीआई काशीपुर बीरेंद्र कुमार चौधरी ने आगामी शरदकालीन गन्ना बुवाई की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीरेंद्र कुमार चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शरदकालीन गन्ना बुवाई के लिए किसानों से गन्ना बीज की मांग प्राप्त कर मांग के अनुरूप समय से बीज उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए संबंधित ब्लॉक के ब्लॉक प्रभारी को गन्ना बुवाई विशेष अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
उन्होंने आगामी पेराई सत्र में अधिकतम गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गन्ना पर्यवेक्षकों एवं गन्ना विकास निरीक्षकों को किसानों से लगातार जनसंपर्क करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद ऊधम सिंह नगर एवं नैनीताल में किसानों की मांग के अनुसार शरदकालीन गन्ना बुवाई को ध्यान में रखते हुए खाद, उर्वरक एवं कीटनाशक समय से उपलब्ध कराने को कहा गया।
जनपद नैनीताल के रामनगर ब्लॉक प्रभारी को किसानों को शीघ्र अनुदान उपलब्ध कराने के लिए पात्र कृषकों की सूची जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, जनपद ऊधम सिंह नगर के जसपुर एवं काशीपुर ब्लॉक में किसानों को शीघ्र कीटनाशक रसायनों का वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में ब्लॉक प्रभारी रामनगर वीरेंद्र कुमार मौर्य, ब्लॉक प्रभारी काशीपुर सुरेश सिंह, गन्ना पर्यवेक्षक बहादुर सिंह, योगेश चंद्र भट्ट, रीना नौलिया, सोमपाल सिंह, शीशपाल सिंह, शाकिर अली, धीरज कुमार, नरेंद्र सिंह, सुरेश भट्ट तथा लेखा प्रभारी पृथ्वी पाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author