Tahelka news

www.tahelkanews.com

भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा 31 अगस्त को

Spread the love

लियाकत कुरैशी

रुड़की। आज 25 अगस्त 2026 को उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की ओर से होटल मकाउ, सेंटर प्वाइंट रुड़की में भारत विकास परिषद द्वारा 31 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा के संबंध में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता में प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंघल ने बताया कि भारत को जानो पुस्तक के माध्यम से विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भारतीय संस्कृति, सभ्यता, संस्कार तथा देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जाता है। परिषद छात्र-छात्राओं को भारत के प्राचीन मंदिरों और मठों की आध्यात्मिक एवं वैज्ञानिक विशेषताओं के साथ-साथ देश के महापुरुषों के जीवन परिचय से भी अवगत कराती है।
उन्होंने कहा कि परिषद बच्चों को यह बताती है कि भारत कभी विश्व गुरु हुआ करता था तथा सोने की चिड़िया कहलाता था। यह ऋषि-मुनियों का देश है, जहां से ज्ञान की धारा बहती है। परिषद बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ-साथ अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर पर गर्व करना सिखाती है।
प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय गर्ग ने बताया कि भारत को जानो पुस्तक इन सभी विषयों को अपने अंदर समाहित किए हुए है। इस वर्ष भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा का आयोजन पूरे भारतवर्ष में 31 अगस्त 2026 को किया जाएगा। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित होगी—जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) तथा सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12)।
शाखा स्तर पर लिखित परीक्षा के बाद प्रत्येक विद्यालय से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो-दो छात्र-छात्राएं वर्गवार शाखा स्तर पर आयोजित मौखिक प्रश्न मंच में प्रतिभाग करेंगे। शाखा स्तर पर चयनित विद्यार्थी प्रांत स्तर, क्षेत्र स्तर तथा राष्ट्रीय स्तर पर क्रमशः मौखिक प्रश्न मंच प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
लिखित परीक्षा में प्रश्नपत्र परिषद द्वारा उपलब्ध कराया जाता है तथा उत्तर पुस्तिका के रूप में ओएमआर शीट का प्रयोग किया जाता है। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में आयोजित होने वाली अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी लाभ मिलता है।
प्रांतीय संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल ने बताया कि गत वर्ष उत्तराखंड पश्चिम प्रांत में 22 हजार छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। इस वर्ष यह संख्या 30 हजार से अधिक होने की संभावना है।
प्रेस वार्ता को प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंघल, प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय गर्ग, प्रांतीय संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल, प्रांतीय संगठन सचिव निखिल वर्मा, प्रांतीय संयोजक महिला सहभागिता एडवोकेट प्रीति अग्रवाल, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र गुप्ता तथा योगेश सिंघल आदि ने संबोधित किया।

About The Author