Tahelka news

www.tahelkanews.com

बीडी इंटर कॉलेज में 118 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण, चार में मिली एनीमिया की शिकायत। गंभीर एनीमिया से पीड़ित छात्रा हायर सेंटर रेफर

Spread the love

भगवानपुर में भारत विकास परिषद और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत लगाया गया स्वास्थ्य जांच शिविर,गंभीर एनीमिया से पीड़ित छात्रा को हायर सेंटर रेफर किया गया

भगवानपुर, हरिद्वार। बीडी इंटर कॉलेज भगवानपुर में 10 अक्टूबर 2026 को भारत विकास परिषद और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं हीमोग्लोबिन की जांच के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 118 छात्र-छात्राओं की जांच की गई। इनमें कक्षा नौ की तीन छात्राएं एनीमिया से पीड़ित पाई गईं, जबकि एक छात्रा में गंभीर एनीमिया की पुष्टि होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं भारत विकास परिषद, उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के महासचिव संजय गर्ग ने कहा कि हीमोग्लोबिन की कमी स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या बन सकती है। इसका गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। वहीं, किशोरावस्था में रक्त की कमी से शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित होने के साथ संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय चौहान ने जांच शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि कुल 118 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में चार छात्राओं में एनीमिया पाया गया, जिनमें एक छात्रा गंभीर रूप से एनीमिक मिली। उसे आगे के उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित सैनी ने एनीमिया से बचाव के लिए खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दैनिक आहार में गेहूं एवं बाजरे की रोटी, राजमा, लोबिया, भुना चना, गुड़, दाल तथा मेथी, पालक और चौलाई जैसी आयरन युक्त हरी सब्जियों को शामिल करना चाहिए।
भारत विकास परिषद की सचिव कल्पना सैनी ने बताया कि बच्चों में एनीमिया का एक प्रमुख कारण आयरन और फोलिक एसिड की कमी है। उन्होंने सलाह दी कि आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियां लेते समय चाय-कॉफी के सेवन से बचना चाहिए, क्योंकि इससे आयरन के अवशोषण पर असर पड़ सकता है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय पाल, सेवा संयोजक निधि, पारुल, अनुदीप, सुधीर सैनी, रजत बहुखंडी, निखिल अग्रवाल, नेत्रपाल, डॉ. विजय त्यागी, अर्चना पाल, रितु वर्मा, संगीता गुप्ता तथा कुसुम सारीन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

About The Author