हरिद्वार, 11 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, घटतौली और अवैध रिफिलिंग पर सख्त कार्रवाई जारी है। जिला पूर्ति विभाग द्वारा लगातार छापेमारी कर ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में शनिवार को जिला पूर्ति विभाग की टीम ने रावली महदूद क्षेत्र में छापा मारकर घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया। मौके पर 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। टीम ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया। इसके साथ ही रिफिलिंग में प्रयुक्त एक वाहन को भी जब्त कर थाना सिडकुल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि जनपद में किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध भंडारण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है और इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध रूप से घरेलू सिलेंडरों की रिफिलिंग, घटतौली या भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की टीम समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर रही है ताकि ऐसे मामलों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
इस छापेमारी अभियान में पूर्ति निरीक्षक प्रकाश फर्त्याल और अरुण सैनी के साथ थाना सिडकुल की पुलिस टीम भी मौजूद रही। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

More Stories
धनौरी में शिवभक्त कांवड़ियों के लिए द्वितीय नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन* *विकास मेडिकोज व शिवम हेल्थ केयर की पहल, स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शिवभक्तों की सेवा का संकल्प*
भारत विकास परिषद की संयुक्त प्रवास बैठक में संगठन विस्तार और सेवा कार्यों पर जोर
कोटवाल आलमपुर में लाखों की चोरी, पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की लगाई गुहार कई युवकों और कबाड़ी पर लगाए खरीद-फरोख्त के आरोप