झबरेड़ा..2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अभी से अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। बसपा के उत्तराखंड प्रभारी आदेश कुमार ने तहलका न्यूज के संपादक से विशेष बातचीत में दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेशभर में बसपा मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और उत्तराखंड में पार्टी का झंडा बुलंद होगा। उन्होंने कहा कि जनता अब प्रदेश में बदलाव चाहती है और बसपा एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है।
आदेश कुमार ने कहा कि हरिद्वार जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी अपने मजबूत और दिग्गज नेताओं को चुनाव मैदान में उतारेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन लगातार गांव-गांव और शहर-शहर जाकर जनता के बीच पहुंच रहा है तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। बसपा कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ मिशन 2027 की तैयारी में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की नीतियों से निराश हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। बसपा इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और जनहित से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाएगी। आदेश कुमार ने कहा कि बसपा हमेशा सर्व समाज की राजनीति करती आई है और गरीब, मजदूर, किसान, दलित, पिछड़े और युवाओं की आवाज बनकर कार्य करती रही है।
तहलका न्यूज से बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में बसपा निर्णायक भूमिका निभाएगी और सरकार में साझेदारी करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है तथा बड़ी संख्या में युवा और समाज के विभिन्न वर्ग बसपा से जुड़ रहे हैं। प्रदेश में तीसरे विकल्प के रूप में बसपा को जनता का समर्थन मिल रहा है।
आदेश कुमार ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो मायावती के नेतृत्व और नीतियों पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बसपा का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि प्रदेश में मजबूत और जनहितकारी राजनीति स्थापित करना है। पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार बैठकें और जनसभाएं आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 का विधानसभा चुनाव बसपा के लिए ऐतिहासिक साबित होगा और उत्तराखंड की राजनीति में पार्टी नई ताकत के रूप में उभरेगी।

More Stories
पीसीएस बनने पर स्वाति के घर बधाई देने पहुंचे पूर्व राज्य मंत्री डॉ गौरव , झबरेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी,
खेत पर घास लेने गई बूढ़ी महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार,
निरंतर निर्देश के बावजूद भी अनाधिकृत निर्माण कार्य नहीं रोका एचआरडीए की शख्त कार्रवाई..दी चेतावनी