भगवानपुर, 5 अगस्त। भारत विकास परिषद, मां चूड़ामनी देवी शाखा, भगवानपुर द्वारा सावन मास के पावन अवसर पर बी.डी. इंटर कॉलेज, भगवानपुर तथा इमली रोड स्थित नीलकंठ ढाबा के समीप कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए दो निःशुल्क तीन दिवसीय चिकित्सा एवं जलपान शिविर तथा भंडारे का शुभारंभ किया गया। शिविर के प्रथम दिन 1500 से अधिक शिवभक्त कांवड़ियों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा जलपान कराया गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के महासचिव संजय गर्ग ने कहा कि सावन मास में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की निस्वार्थ सेवा करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं तथा भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय पाल ने बताया कि शिवभक्त कांवड़िए गंगोत्री एवं हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए लंबी पदयात्रा करते हैं। इस दौरान वे नंगे पैर चलते हुए प्रचंड गर्मी और अनेक कठिनाइयों का सामना करते हैं, लेकिन उनकी अटूट आस्था उन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने और शिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने की प्रेरणा देती है।
परिषद के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह चौहान ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा का अर्थ उनकी शारीरिक एवं मानसिक आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए उन्हें भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
परिषद की सचिव श्रीमती कल्पना सैनी ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा केवल धार्मिक कर्तव्य ही नहीं, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करती है।
उपाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा विश्व की सबसे बड़ी पैदल यात्राओं में से एक है, जो समाज को सहयोग, समर्पण और सहानुभूति का संदेश देती है।
शिविर के सफल संचालन में परिषद के उपाध्यक्ष अमरीश चौहान, वित्त सचिव लोकेश, संगठन सचिव सुधीर सैनी, ओम सिंह, श्रीमती निधि धीमान, श्रीमती संगीता गुप्ता, सैयद त्यागी, बृजमोहन, हर्षित शर्मा, वसीम, पायल, राजकुमार, रोहित, अशोक, लोकेश सहित अनेक स्वयंसेवकों ने कांवड़ यात्रियों की सेवा में सक्रिय योगदान दिया।

More Stories
भारत विकास परिषद लगाएगा तीन दिवसीय कृत्रिम अंग विकलांग शिविर, 3 से 5 अक्टूबर तक होगा आयोजन,,रजिशटरेशन के लिए दीये गये नम्बर पर संपर्क करे..या स्कैन करे
ट्यूबवेलों से उपकरण चोरी की बढ़ती घटनाओं से किसान परेशान, ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर लगाई गुहार
चौधरी बिजेंद्र सिंह के जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के चेयरमैन बनने पर मनोज प्रधान ने जताया आभार