रुड़की। नगर निगम रुड़की के वार्ड संख्या 17 स्थित शेखपुरी और गणेश विहार गली में सड़क पर लगातार हो रहे जलभराव से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में बिना बारिश के ही सड़क पर पानी जमा रहने से क्षेत्रवासियों में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गली और सड़क पर कई दिनों से पानी भरा हुआ है, जिससे राहगीरों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा पानी के कारण जगह-जगह कीचड़ और गंदगी फैल रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं मच्छरों के पनपने की आशंका के चलते लोगों को बीमारियों का डर भी सता रहा है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों तथा SNA से भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि जब बिना बरसात के ही सड़क पर जलभराव की यह स्थिति है, तो आने वाले मानसून के दौरान हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में पूरे क्षेत्र में जलभराव होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है।
स्थानीय निवासी रामदास, रणधीर, राम सिंह नेगी, छबीलदास सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से नगर निगम रुड़की को शिकायती पत्र सौंपते हुए सड़क पर एकत्र हो रहे पानी की निकासी के लिए तत्काल प्रभाव से उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा सड़क पर जमा पानी को हटाने के लिए शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकराल हो सकती है, जिससे लोगों के घरों तक पानी पहुंचने का खतरा पैदा हो जाएगा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस गंभीर समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मोहल्ले के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने को मजबूर होंगे। फिलहाल क्षेत्रवासी प्रशासन की ओर से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

More Stories
दो साल से लापता फिरोज : विदेश गया था पैसे कमाने,पुलिस ने की जांच तेज, कोतवाल प्रभारी ने दिया शीघ्र खुलासे का आश्वासन
UKSSSC परीक्षा की तैयारियों का प्रभारी निरीक्षक ने लिया जायजा, परीक्षा केंद्र का किया भौतिक निरीक्षण
यात्री के चेहरे पर जीआरपी ने लौटाई मुस्कान, खोया मोबाइल किया सुपुर्द