Tahelka news

www.tahelkanews.com

प्यासे बच्चों की चीखें और अंधेरे में तड़पते परिवार… डॉक्टर गौरव चौधरी ने कालोनी में भिजवाए पानी के टेंकर और विद्युत विभाग के एमडी से की वार्ता

Spread the love

इकबालपुर/झबरेड़ा,,इकबालपुर शुगर मिल कॉलोनी में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप होने से करीब 300 परिवार भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बिजली कटने के कारण पूरी कर्मचारी कालोनी क्षेत्र अंधेरे में डूब गया, वहीं पानी की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत सबसे अधिक दयनीय हो गई।

जानकारी के अनुसार, इकबालपुर शुगर मिल पर ऊर्जा निगम का बकाया बिल होने के चलते निगम ने मिल कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। बृहस्पतिवार दोपहर से कर्मचारी परिवार बिजली और पानी की गंभीर समस्या झेल रहे हैं। टीन की छत वाले क्वार्टरों में बिना बिजली रहना लोगों के लिए बेहद कठिन हो गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व राज्य मंत्री डॉक्टर गौरव चौधरी मौके पर पहुंचे और कॉलोनी में रह रहे कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। परिवारों की पीड़ा को देखते हुए उन्होंने वहीं धरना शुरू कर दिया। इस दौरान प्यास से परेशान लोगों की स्थिति को देखते हुए झबरेड़ा नगर पंचायत की ओर से चार पानी के टैंकर भिजवाए गए, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकी।

धरने की सूचना मिलते ही विधायक फुरकान और झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।

डॉक्टर गौरव चौधरी ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से वार्ता कर वैकल्पिक रूप से बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई। वार्ता के दौरान ऊर्जा निगम के एमडी ने वैकल्पिक व्यवस्था पर सहमति जताई। आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

मिल कर्मचारी जगत सिंह ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पिछले दो वर्षों से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि टीन की छत वाले क्वार्टरों में बिना बिजली के रहना बेहद मुश्किल हो गया है।

इस दौरान मुकेश पाटिल, विकास चौधरी, सरदार मोथा सिंह, जीता सिंह, रवि, प्रेम सिंह, सरदार जगत सिंह, विनय त्यागी, इंदरपाल, कमेच्छा और राजकुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।

About The Author