Tahelka news
खानपुर,, जनपद हरिद्वार के विकासखंड खानपुर में एनआरएलएम के अंतर्गत गठित उत्कर्ष स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों ने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के सहयोग से एक नई पहल की शुरुआत की। समूह की महिलाओं द्वारा खानपुर-पुरकाजी मार्ग पर “उत्कर्ष रेस्टोरेंट” की स्थापना की गई, जिसका शुभारंभ खंड विकास अधिकारी खानपुर जगेन्द्र सिंह राणा ने किया।

इस अवसर पर सहायक खंड विकास अधिकारी, एनआरएलएम एवं ग्रामोत्थान परियोजना के ब्लॉक स्तर के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। इस नई शुरुआत से न केवल महिला समूहों को रोजगार के एक स्थायी एवं सशक्त माध्यम की प्राप्ति हुई है, बल्कि इससे क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा मिली है।
रेस्टोरेंट की शुरुआत करने वाली उत्कर्ष स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब स्थानीय व्यंजन, नाश्ते एवं स्वादिष्ट भोजन के माध्यम से आमदनी अर्जित करेंगी। इस प्रयास से वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी और अन्य समूहों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेंगी।
यह पहल “स्वयं सहायता समूह” की मूल अवधारणा—सामूहिक प्रयास, आत्मनिर्भरता और स्थानीय संसाधनों का सदुपयोग—को साकार करती है। ग्रामोत्थान परियोजना एवं एनआरएलएम के सहयोग से ऐसी आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देना ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के समग्र विकास की दिशा में एक सशक्त कदम है।
रेस्टोरेंट का संचालन पूरी तरह से समूह की महिलाएं करेंगी, जिससे उन्हें व्यवसाय प्रबंधन, विपणन एवं सेवा क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। यह मॉडल भविष्य में अन्य स्वयं सहायता समूहों के लिए भी अनुकरणीय सिद्ध होगा।

More Stories
भगवानपुर के बालेकी गांव में चोरी की वारदात से मचा हड़कंप, पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर; जांच में जुटी पुलिस,, घटना बीते 31 अक्टूबर की..
खबर का असर: तहलका न्यूज की खबर के बाद हरकत में आए अधिकारी, माजरा में श्मशान घाट का द्वार तुड़वाया
उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी में पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ, किसानों के साथ मिल अधिकारियों ने किया हवन-पूजन,,गन्ना घटतौली हुई तो किसी की खैर नहीं.. सुशील राठी