Tahelka news

www.tahelkanews.com

हरिद्वार में पल्स पोलियो अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, 3.36 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

Spread the love

लियाकत कुरैशी

हरिद्वार, 19 जून 2026। जनपद में आगामी 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में 0 से 5 वर्ष तक आयु का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि 28 जून को जनपद के सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जबकि 29 जून से 4 जुलाई तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। जनपद में इस अभियान के तहत 3 लाख 36 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए ताकि अभिभावकों को इसकी पूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को छात्र-छात्राओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के जरिए प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को मदरसों में जागरूकता बढ़ाने, जबकि श्रम एवं खनन विभाग को फैक्ट्रियों और खनन क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के बच्चों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित सभी संबंधित कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी विभाग इसकी सफलता के लिए समन्वित रूप से कार्य करें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, सीएमएस रुड़की ए.के. मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कोमल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author