Tahelka news

www.tahelkanews.com

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी, रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने हरिद्वार पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

Spread the love

लियाकत कुरैशी

हरिद्वार, 19 जून। आगामी कुंभ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रेलवे और मेला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी लानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का आकलन किया।
मेला नियंत्रण भवन के सभागार में आयोजित बैठक में आगामी वर्ष 14 जनवरी से 20 अप्रैल तक प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, रेलवे संचालन, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सतीश कुमार ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। भारतीय रेलवे मेले के आयोजन में हरसंभव सहयोग देगा और मेला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अभी से व्यापक और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करना आवश्यक है। विशेष रूप से रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की योजना समय रहते तैयार करने के निर्देश दिए गए।
रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने रेलवे स्टेशनों और अन्य प्रवेश स्थलों पर पर्याप्त क्षमता वाले सुविधायुक्त होल्डिंग एरिया विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के व्यवस्थित संचालन तथा सुरक्षित निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए।
उन्होंने आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को भी महत्वपूर्ण बताते हुए सीसीटीवी निगरानी, कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच सूचना आदान-प्रदान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद सतीश कुमार ने मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।
इस दौरान मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि विभिन्न विभागों के सहयोग से आधारभूत सुविधाओं, परिवहन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुंभ मेलों और हाल के प्रमुख स्नान पर्वों के अनुभवों के आधार पर अनुमान है कि कुंभ मेला-2027 के प्रमुख स्नान पर्वों पर सवा करोड़ से दो करोड़ तक श्रद्धालुओं का आगमन हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में रेलवे, मेला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी तैयारियों और योजनाओं की जानकारी साझा की।

About The Author

You may have missed