हरिद्वार। जनपद हरिद्वार की सहकारी समितियों में कार्यरत कर्मचारियों को कई-कई माह से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों का कहना है कि नियमित वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की स्कूल फीस, दवाइयों और रोजमर्रा के जरूरी खर्चों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।
तहलका न्यूज से नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कई सहकारी समिति कर्मचारियों ने बताया कि जनपद की अधिकांश समितियों में कर्मचारियों को पिछले कई महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है। कर्मचारियों के मुताबिक लंबे समय से वेतन अटकने के कारण आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि घर का राशन, बिजली-पानी के बिल, बच्चों की फीस, इलाज और अन्य जरूरी खर्चों के लिए उन्हें उधार या दूसरे माध्यमों का सहारा लेना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी उन कर्मचारियों को हो रही है जिनके परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उनकी नौकरी पर निर्भर है।
कर्मचारियों ने यह भी बताया कि कुछ एक-दो कर्मचारियों को वेतन का भुगतान हुआ है, लेकिन अधिकांश कर्मचारी अभी भी अपने बकाया वेतन का इंतजार कर रहे हैं। कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की है, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि सहकारी विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों की इस समस्या को लेकर क्या कदम उठाते हैं और महीनों से लंबित वेतन का भुगतान कब तक किया जाता है।

More Stories
भारत विकास परिषद लगाएगा तीन दिवसीय कृत्रिम अंग विकलांग शिविर, 3 से 5 अक्टूबर तक होगा आयोजन,,रजिशटरेशन के लिए दीये गये नम्बर पर संपर्क करे..या स्कैन करे
ट्यूबवेलों से उपकरण चोरी की बढ़ती घटनाओं से किसान परेशान, ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर लगाई गुहार
चौधरी बिजेंद्र सिंह के जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के चेयरमैन बनने पर मनोज प्रधान ने जताया आभार