Tahelka news

www.tahelkanews.com

तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे,,तीन की मौत 10 घायल,, शादी तय करने लक्सर जा रहा था परिवार; रवि राणा सहित ग्रामीण पहुंचे अस्पताल

Spread the love

रुड़की/लैंढौरा। रुड़की के लैंढौरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार ने एक ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में सवार लोग सड़क पर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घायलों को संभालते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर लैंढौरा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि हादसे में  मिलापनगर निवासी 30 वर्षीय अरशद पुत्र रईस, दिलशाद पुत्र अय्यूब तथा आठ वर्षीय मोहम्मद उमर पुत्र दिलशाद की मौत हुई है। हादसे में सुमैया पत्नी इसरार, निवासी लक्सर, नाजमा पत्नी अरशद, उम्र 26 वर्ष, नईमा उर्फ सोनी पत्नी शमशाद, अनस पुत्र इसरार, उम्र चार वर्ष समेत अन्य लोग घायल हुए हैं।
घायलों में कई महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में खतीजा पत्नी दिलशाद, रिहाना पत्नी शौएब, उमायरा पुत्री शौएब, उम्र एक वर्ष, इनायत पुत्री इसरार, उम्र छह वर्ष, आयत पुत्री इरशाद, उम्र आठ वर्ष तथा अरहम पुत्र अरशद, उम्र चार वर्ष शामिल बताए गए हैं। इनमें कई घायलों का उपचार रुड़की के निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लड़की की शादी तय करने लक्सर जा रहा था परिवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुआ परिवार ई-रिक्शा में सवार होकर शाम के समय लक्सर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग लड़की की शादी तय करने के सिलसिले में लक्सर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर घायल पड़े लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। हादसे के कारण सड़क पर काफी देर तक जाम की स्थिति भी बनी रही।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
लैंढौरा पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हादसे में शामिल ई-रिक्शा और कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घायलों के परिजन अस्पतालों में पहुंचकर उनका हाल जान रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हादसे की  खबर सुनते ही ढंडेरा निवासी रवि राणा सहित  ग्रामीण अस्पताल पहुंचे।

About The Author

You may have missed