Tahelka news

www.tahelkanews.com

एसटीएफ उत्तराखण्ड का बड़ा एक्शन: बाजपुर में नकली दवाइयों के सिंडिकेट का भंडाफोड़, एक लाख टैबलेट सहित भारी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद

Spread the love

बाजपुर (ऊधमसिंहनगर)। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ऊधमसिंहनगर जिले के बाजपुर स्थित एक फैक्ट्री पर छापेमारी कर नकली एलोपैथिक दवाइयों के अवैध निर्माण का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान बिना वैध औषधि निर्माण लाइसेंस के नामी दवा कंपनियों के नाम पर नकली जीवन रक्षक दवाइयाँ तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जाने का खुलासा हुआ। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

 

उत्तराखंड एसटीएफ इंचार्ज विवेक कुमार…

 

माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखण्ड के निर्देशन में एसटीएफ कुमाऊँ यूनिट एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बाजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटैक (प्लॉट संख्या F-13 एवं F-14) पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान धीरेन्द्र पुत्र ब्रह्म सिंह, निवासी जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी आयुर्वेदिक एवं फूड लाइसेंस की आड़ में बिना किसी वैध ड्रग मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के STADMED, Macleods, Intas, Sun Pharma समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक दवाइयों का निर्माण एवं पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।

एसटीएफ की निशानदेही पर एनएच-74 स्थित गोदाम की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में तैयार नकली दवाइयाँ, पैकिंग सामग्री, अवैध अंग्रेजी शराब, आबकारी होलोग्राम एवं पैकेजिंग सामग्री भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखण्ड में सप्लाई करने की बात भी स्वीकार की है।

बड़ी मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयाँ बरामद

छापेमारी में लगभग एक लाख से अधिक टैबलेट एवं करीब 15 हजार सिरप की बोतलें बरामद की गईं। इन दवाइयों का उपयोग अम्लता (एंटासिड), जीवाणु संक्रमण (एंटीबायोटिक), दर्द एवं सूजन, नसों के दर्द, प्रोस्टेट संबंधी बीमारियों, कैल्शियम एवं विटामिन की कमी तथा आयरन सप्लीमेंट के रूप में किया जाता है।

मुख्य बरामदगी

नकली एलोपैथिक दवाइयाँ

  • ALKASOL – 2,400 बोतलें
  • CEFIFINE-200 – 11,200 टैबलेट
  • VELTAM – 76 बॉक्स (फैक्ट्री) एवं 2 पेटियाँ (गोदाम)
  • NIMUFIN – 5,250 टैबलेट
  • SUNCLAV – 2,100 स्ट्रिप
  • RUBIRED SUSPENSION – 1,600 बोतलें
  • OSTOCALCIUM B12 SUSPENSION – 9,560 बोतलें
  • VELTAM PLUS – 36,000 टैबलेट
  • GABAPIN – 28,500 टैबलेट
  • SOMPRAZ – 2,100 टैबलेट

अवैध अंग्रेजी शराब एवं आबकारी सामग्री

  • MacDowell No.1 – 1,632 क्वार्टर
  • III RCS (चंडीगढ़ मार्क) – 1,016 बोतलें
  • MacDowell के 500 ढक्कन
  • 7 बंडल रैपर
  • 1,000 खाली कांच के क्वार्टर
  • उत्तराखण्ड आबकारी के 3 बंडल होलोग्राम एवं सील

अन्य सामग्री

  • प्रिंटेड लेबल एवं फॉयल
  • नकली दवाइयों के निर्माण में प्रयुक्त एसएस टैंक, फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, लेबलिंग मशीन सहित अन्य उपकरण।

एसटीएफ ने बताया कि अवैध शराब की बरामदगी के संबंध में उत्तराखण्ड आबकारी अधिनियम के तहत पृथक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों एवं पूरे नेटवर्क की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए विस्तृत विवेचना जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखण्ड ने कहा कि जनस्वास्थ्य एवं उपभोक्ताओं के जीवन से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में शामिल टीम

एसटीएफ टीम: इंस्पेक्टर विकास चौधरी, एसआई विपिन चंद्र जोशी, एसआई के.जी. मठपाल, एचसी महेंद्र गिरी, एचसी रविंदर सिंह, एचसी किशोर कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार एवं तकनीकी सहायक किशन चंद्र शर्मा।

ड्रग विभाग: वरिष्ठ निरीक्षक नीरज कुमार, वरिष्ठ निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, निरीक्षक निधि शर्मा, निरीक्षक शुभम कोटनाला एवं निरीक्षक अर्चना उप्पल।

स्थानीय पुलिस: एसआई सुरेंद्र सिंह, एसआई देवेंद्र सिंह मेहता एवं कांस्टेबल समीर चौहान।

आबकारी विभाग: निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट एवं निरीक्षक कृष्ण चंद

About The Author

You may have missed