Tahelka news

www.tahelkanews.com

स्कॉर्पियो दिलाने के नाम पर 9 लाख की कथित ठगी, पीड़ित ने कोतवाली झबरेड़ा में दी तहरीर, फर्जी रसीद और बिना हस्ताक्षर का चेक भेजने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

झबरेड़ा (हरिद्वार)। स्कॉर्पियो-एन जेड4 कार रियायती दर पर उपलब्ध कराने का झांसा देकर करीब 9 लाख रुपये की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अकबरपुर गांव निवासी नावेद हैदर ने कोतवाली झबरेड़ा में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, पीड़ित ने अपने चाचा के लिए नई स्कॉर्पियो-एन जेड4 खरीदने की इच्छा जताई थी। इसी दौरान परिचित के माध्यम से उसकी मुलाकात अक्षय वालिया से कराई गई, जिसने स्वयं को देहरादून स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी से जुड़ा बताते हुए बाजार मूल्य से कम कीमत पर वाहन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
आरोप है कि आरोपी ने पहले वाहन बुकिंग के नाम पर 25 हजार रुपये लिए और बाद में किस्तों में अलग-अलग माध्यमों से कुल 9 लाख रुपये जमा करा लिए। भुगतान के एवज में कंपनी की रसीदें और अन्य दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए। निर्धारित तिथि पर वाहन नहीं मिलने पर आरोपी लगातार उत्पादन में कमी और अन्य कारण बताकर टालमटोल करता रहा।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में आरोपी ने धनराशि लौटाने के नाम पर बिना हस्ताक्षर वाला चेक और कथित रसीदें भेजीं। जब वह संबंधित कंपनी के कार्यालय पहुंचा तो वहां मौजूद अधिकारियों ने कथित तौर पर बताया कि प्रस्तुत रसीदें और चेक कंपनी के अभिलेखों से मेल नहीं खाते तथा उसके नाम से कोई वैध वाहन बुकिंग दर्ज नहीं है। नावेद दी गई तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जमा की गई राशि का समायोजन अन्य ग्राहकों के खातों में कर दिया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों का उपयोग और झूठे आश्वासन देकर लगभग 9 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने झबरेड़ा पुलिस से आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने और उसकी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी विजय सिंह का कहना हे कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही शीघ्र मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

About The Author