भगवानपुर (हरिद्वार), 23 जुलाई। बी.डी. इंटर कॉलेज, भगवानपुर में गुरुवार को भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा, भगवानपुर तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 358 छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई, जिसमें चार छात्राएं एनीमिया से पीड़ित पाई गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं भारत विकास परिषद, उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के महासचिव संजय गर्ग ने किया। उन्होंने कहा कि एनीमिया रक्त में हीमोग्लोबिन की कमी के कारण होने वाली गंभीर समस्या है। हीमोग्लोबिन शरीर के सभी अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने का कार्य करता है। इसकी कमी से शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित होता है तथा संक्रामक रोगों की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर भी एनीमिया का प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए समय रहते इसकी रोकथाम और जागरूकता आवश्यक है।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत ने बताया कि जांच के दौरान कक्षा नौ की तीन तथा कक्षा 11 की एक छात्रा एनीमिक पाई गई। इसके अलावा 11 छात्र-छात्राओं में दृष्टि दोष तथा 10 छात्र-छात्राओं के दांतों में खराबी मिली, जिन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघा ने विद्यार्थियों को संतुलित एवं आयरन युक्त भोजन अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि गेहूं, बाजरा, राजमा, लोबिया, भुना चना, गुड़, दाल तथा पालक, मेथी और चोलाई जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों का नियमित सेवन एनीमिया की रोकथाम में सहायक है।
भारत विकास परिषद की शाखा सचिव श्रीमती कल्पना सैनी ने कहा कि बच्चों में एनीमिया का प्रमुख कारण आयरन एवं फोलिक एसिड की कमी है। उन्होंने बताया कि आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां लेते समय चाय और कॉफी का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर में आयरन का अवशोषण प्रभावित होता है।
इस अवसर पर प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय पाल, श्रीमती ललिता, श्रीमती पारुल, श्रीमती अनुदीप, सुधीर सैनी, रजत बहुखंडी, निखिल अग्रवाल, नेत्रपाल, डॉ. विजय त्यागी, श्रीमती अर्चना पाल, श्रीमती रितु वर्मा, श्रीमती संगीता गुप्ता, कु. सारीन सहित विद्यालय परिवार एवं भारत विकास परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
स्कॉर्पियो दिलाने के नाम पर 9 लाख की कथित ठगी, पीड़ित ने कोतवाली झबरेड़ा में दी तहरीर, फर्जी रसीद और बिना हस्ताक्षर का चेक भेजने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
हरिद्वार में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन, विनीत गौड बने अध्यक्ष, पांचवी बार ली शपथ
डॉक्टरों पर बढ़ते हमलों के विरोध में आईएमए ने कि प्रेस वार्ता, सुरक्षा कानून और जीरो टॉलरेंस नीति की मांग, महावीर चिल्ड्रन अस्पताल में हुई मारपीट की घटना को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) में भारी रोष