Tahelka news

www.tahelkanews.com

ट्यूबवेलों से उपकरण चोरी की बढ़ती घटनाओं से किसान परेशान, ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर लगाई गुहार

Spread the love

झबरेड़ा। ग्राम मानकपुर में  किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेलों से लगातार उपकरण चोरी होने की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है। चोरी की बढ़ती शिकायतों को लेकर ग्रामीण ग्राम प्रधान के साथ थाना झबरेड़ा पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को अपनी पीड़ा से अवगत कराया। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की।
ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर पुलिस अधिकारी और ग्राम प्रधान मानकपुर ने मौके पर पहुंचकर खेतों में लगे ट्यूबवेलों का निरीक्षण किया। इस दौरान ट्यूबवेलों से चोरी किए गए उपकरणों और क्षतिग्रस्त सामान को भी देखा गया। ग्रामीणों ने बताया कि चोर खेतों में लगे ट्यूबवेलों के जरूरी उपकरणों को निशाना बना रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पुलिस चोरी की घटनाओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही चोरों को पकड़कर सलाखों के पीछे डाला जाएगा।
पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं पर जल्द कार्रवाई होने की उम्मीद जताई।

About The Author