महालक्ष्मी शुगर मिल इंटर कॉलेज, इकबालपुर की ओर से विद्यालय के मुख्य द्वार के आसपास असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से की जा रही हुड़दंगबाजी, स्टंटबाजी, छात्राओं की वीडियो बनाने और शांति व्यवस्था भंग करने की शिकायत पुलिस से की गई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मामले को गंभीर बताते हुए छात्राओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को भेजे पत्र में प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय शुरू होने के समय तथा दोपहर में छुट्टी के दौरान कुछ युवक विद्यालय के मुख्य द्वार के आसपास अनधिकृत रूप से जमा हो जाते हैं। शिकायत के अनुसार, कुछ युवक तेज रफ्तार बाइक चलाने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने तथा साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाली गतिविधियां करते हैं। इससे विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पत्र में छात्राओं की निजता और सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई है। प्रधानाचार्य के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं की बिना अनुमति फोटो और वीडियो बनाने तथा उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने का प्रयास करते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने इसे छात्राओं की निजता और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यालय परिसर के आसपास भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है, जिससे विद्यार्थियों और विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस से असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय मुख्य द्वार पर कम से कम दो पुलिसकर्मियों की नियमित गश्त/ड्यूटी लगाने की मांग की है।
विद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि छात्राओं एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस मामले में प्रभावी कार्रवाई करेगी।

More Stories
30 सितंबर को जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार में लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला हाईस्कूल, इंटर, आईटीआई, स्नातक एवं परास्नातक अभ्यर्थियों के लिए लगभग 200 रिक्तियों पर रोजगार का अवसर
भारी भीड़ में हुआ विधायक उमेश कुमार का स्वागत,, 2027 विधान सभा चुनाव को लेकर ,, लंढौरा की सियासत में गर्माहट .
भगवानपुर में अधिवक्ता एसोसिएशन के चुनाव और चैंबर निर्माण को लेकर विवाद, पूर्व अध्यक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर.. चुनाव कराने, चैंबरों का आवंटन और निर्माण में अनियमितताओं की जांच की मांग, सैकड़ों अधिवक्ताओं ने दिया समर्थन